
थाईलैंड में होने वाले संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के लिए शशिकांत कांबळे का चयन
पुणे : संयुक्त राष्ट्र की ओर से थाईलैंड में आयोजित संयुक्त राष्ट्र व्यवसाय एवं मानवाधिकार मंच, एशिया-पैसिफिक (UNRBHR 2025) सम्मेलन में पुणे के सामाजिक कार्यकर्ता शशिकांत कांबळे का चयन किया गया है। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 16 से 20 सितंबर 2025 के बीच आयोजित होगा, जिसमें विश्व के लगभग 70 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
इस सम्मेलन का उद्देश्य संकट की परिस्थितियों में मानवाधिकारों की प्रगति के लिए ठोस रूपरेखा तैयार करना और क्षेत्रीय नेतृत्व को सशक्त बनाना है।
शशिकांत कांबळे लंबे समय से स्वान फाउंडेशन के माध्यम से सामाजिक, शैक्षणिक और पर्यावरण विषयों पर कार्य कर रहे हैं। उनके इसी योगदान को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र की ओर से उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया गया है।
कांबळे पूर्व में भारती विद्यापीठ में 12 वर्षों तक जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्यरत रहे हैं तथा भारतीय गुणवत्ता परिषद के सदस्य के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
—

