
छत्रपति संभाजी महाराज स्मारक विकास कार्य का किया गया निरीक्षण
पुणे(मोहन सिंह ) :सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने आज तुळापुर स्थित धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज के बलिदान स्थल एवं वढू बु. स्थित समाधि स्थल का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और कार्य की गुणवत्ता, मजबूती एवं गति बनाए रखते हुए समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक ज्ञानेश्वर कटके, लोकनिर्माण विभाग के मुख्य अभियंता राजेंद्र रहाणे, अधीक्षक अभियंता भरतकुमार बाविस्कर, उपअभियंता अजय पाटिल आदि उपस्थित थे।
मंत्री श्री भोसले ने कहा कि, “धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज के समाधि स्थल की इस पवित्र भूमि पर आकर अद्भुत ऊर्जा और शक्ति का अनुभव होता है। महाराज ने धर्म के लिए जो बलिदान दिया उसका दर्शन कराने वाले इन स्थलों का विकास कार्य लोकनिर्माण विभाग के माध्यम से किया जा रहा है। मंत्री के रूप में मेरा प्रयास है कि इन कार्यों से पूर्वजों के योगदान को उचित न्याय मिले।”
उन्होंने आगे कहा कि, “तुळापुर और वढू बु. स्थित छत्रपति संभाजी महाराज के पावन स्थल पर्यटन स्थल न बनकर तीर्थ स्थल के रूप में देखे जाने चाहिए। हमारी अपेक्षा है कि इन स्थलों को तीर्थ स्थल का दर्जा मिले।”
मंत्री श्री भोसले ने जानकारी दी कि वढू स्थित केईएम अस्पताल की भूमि स्मारक विकास कार्य हेतु हस्तांतरण की प्रक्रिया जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण कर राज्य शासन के राजस्व विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। इस विषय पर आगामी सप्ताह में राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे से चर्चा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूरे समाधि स्थल का सौंदर्यीकरण प्रकल्प निर्धारित समय में पूर्ण किया जाएगा।
मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने सुभाषचंद्र बोस सैन्य विद्यालय एवं ईश्वरपुरम् छात्रावास का किया दौरा

मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने लोकसेवा प्रतिष्ठान के पुलगांव स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस सैन्य विद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों की मानवंदना स्वीकार की। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर मर्दानी खेलों का प्रदर्शन किया। वहीं, लोकसेवा इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्रों द्वारा रांगोली के माध्यम से बनाया गया मंत्री श्री भोसले का 6 x 6 फुट का चित्र देखकर उन्होंने छात्रों की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने ‘ईश्वरपुरम्’ छात्रावास का दौरा किया, जहां भारत के पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्र रहते हैं। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष विनीत कुबेर और संदीप पूरकर ने निर्माण कार्य की जानकारी दी। मंत्री श्री भोसले ने चीन- म्यांमार सीमा क्षेत्र से आए छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर लोकसेवा प्रतिष्ठान के संस्थापक दीपकजी पायगुडे, जिला बैंक के संचालक प्रदीप कंद, संस्था के कोषाध्यक्ष प्रशांत जोशी, विश्वस्त बाळासाहेब चांदेकर, युवराज पाटिल, पंकज जगताप, राहुल वागसकर आदि उपस्थित थे।


