
महाराष्ट्र राज्य फिन तैराकी चैंपियनशिप गुरू और शिष्य एक साथ पदकों के पोडियम पर खिलाडियों के साथ प्रशिक्षकों को मिली स्वर्णिम सफलता
पुणे : गुरू और शिष्य के लिए एक साथ पदकों के पोडियम पर खडे होने का एक दुर्लभ अवसर हाल ही में यहाँ देखने को मिला. अवसर था महाराष्ट्र राज्य फिन तैराकी चैंपियनशिप का. इस प्रतियोगिता में, ध्रुव ग्लोबल स्कूल, नांदे के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण पदकों सहित आठ पदक जीते. वहीं, उनके प्रशिक्षकों ने भी तीन स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया.
श्री शिव छत्रपति क्रीडा संकुल, महालुंगे, पुणे में आयोजित इस प्रतियोगिता में, निया पतंगे ने २०० बाय फिन, २०० मोनो फिन और १०० मोनो फिन श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीते और १०० बाय फिन श्रेणी में उन्हें कांस्य पदक मिला. रेवा चौगुले ने ५० एपनिया और २०० मोनोफिन श्रेणियों में रजत पदक जीते और १०० मोनोफिन श्रेणी में कांस्य पदक जीता. अनया वानखेडे ने ५० बाय फिन में स्वर्ण पदक जीता. इन खिलाड़ियों को कोच स्मिता काटवे, उमा जोशी, रुपाली अनाप और केशव हजारे ने मार्गदर्शन किया.
कोच स्मिता काटवे ने इस प्रतियोगिता में तीनों खेल स्पर्धाओं ५० मीटर बाय फिन १०० मीटर बाय फिन, ५० मीटर सरफेस मोनो फिन में स्वर्ण पदक हासिल किया.
ध्रुव ग्लोबल स्कूल के निदेशक यशवर्धन मालपानी और प्रिन्सिपल संगीता राउतजी ने खिलाड़ियों और कोचों को मिली इस सफलता के लिए बधाई दी और शुभकामनाएं दीं.



