
विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार की अध्यक्षता में राजनीतिक दल प्रमुखों की बैठक सम्पन्न
पदवीधर एवं शिक्षक मतदाता सूचियों में नामांकन के लिए अपील
पुणे (सोहन सिंह)– 1 नवम्बर 2025 की अहर्ता तिथि पर आधारित पदवीधर एवं शिक्षक मतदाता संघों के लिए नई मतदाता सूची (De-Novo) तैयार करने का कार्यक्रम घोषित किया गया है। इस अंतर्गत वर्ष 2020 में पंजीकृत सभी पदवीधर एवं शिक्षक मतदाताओं को पुनः नामांकन कराना अनिवार्य होगा। अधिक से अधिक पात्र मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं, इस दिशा में राजनीतिक दलों एवं शैक्षणिक संस्थानों से सक्रिय भागीदारी का आवाहन विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार ने किया।
यह अपील उन्होंने विधान भवन में आयोजित बैठक में की, जिसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुख उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी जितेन्द्र डुडी, अपर आयुक्त तुषार ठोंबरे, उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीनल कलसकर सहित सातारा, सोलापुर, सांगली और कोल्हापुर जिलों के अधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं शिक्षा संस्थानों के प्रमुख भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।
डॉ. पुलकुंडवार ने बताया कि –
पदवीधर मतदाता के लिए फॉर्म 18 और शिक्षक मतदाता के लिए फॉर्म 19 भरना आवश्यक है।
पदवीधर वही पात्र होंगे, जिन्होंने 1 नवम्बर 2025 से कम से कम 3 वर्ष पूर्व मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि या समकक्ष योग्यता प्राप्त की हो।
शिक्षक वही पात्र होंगे, जिन्होंने 2019 से 2025 के बीच कम से कम 3 वर्ष तक माध्यमिक अथवा उससे उच्च स्तर के मान्यता प्राप्त विद्यालय में पूर्णकालिक शिक्षक के रूप में कार्य किया हो।
शैक्षणिक संस्थान अपने सभी शिक्षकों के नामांकन फॉर्म सामूहिक रूप से संबंधित तहसील कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी राजनीतिक दल, नागरिक संगठन या अन्य माध्यम से सामूहिक (गठ्ठा) पद्धति से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सभी सरकारी एवं अर्धसरकारी संस्थानों के पदवीधर कर्मचारियों से भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की गई।
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का कैलेंडर
जाहीर सूचना – 30 सितम्बर 2025
प्रथम पुनःप्रसारण – 15 अक्टूबर 2025
द्वितीय पुनःप्रसारण – 25 अक्टूबर 2025
दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि (फॉर्म 18/19) – 6 नवम्बर 2025
प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशन – 25 नवम्बर 2025
दावा/आपत्ति स्वीकार अवधि – 25 नवम्बर से 10 दिसम्बर 2025
अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन – 30 दिसम्बर 2025



