
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत साइकिल रैली का किया गया आयोजन — शत प्रतिशत मतदान, सीतामढ़ी का अभियान
सीतामढ़ी विशाल समाचार । : आसन्न बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वीप कोषांग, सीतामढ़ी द्वारा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर जिले में मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में स्वीप कोषांग, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत साइकिल रैली का आयोजन जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के नेतृत्व में किया गया।

साइकिल रैली सर्किट हाउस से निकाली गई, जो राजोपट्टी, कारगिल चौक, मेहसौल चौक, किरण चौक से होते हुए सदर अस्पताल में जाकर समाप्त हुई। मौके पर डीएम रिची पाण्डेय ने कहा कि “शत प्रतिशत मतदान — सीतामढ़ी का अभियान” है। निर्वाचन में भाग लेना व मतदान करना प्रत्येक नागरिक का न केवल अधिकार है बल्कि कर्तव्य भी है। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।
उन्होंने कहा कि यह गणतंत्र की धरती है और यहाँ के लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं। मतदाता जागरूकता एवं साइकिल रैली का संदेश अपने गाँव-परिवार तक फैलाना है। उन्होंने कहा कि 11 नवंबर 2025 को मतदान के दिन सभी लोग अपने घरों से निकलें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

डीएम ने यह भी कहा कि “सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। चुनाव के इस महापर्व में अपना मत देकर लोकतंत्र की जड़ को मजबूत करें।” उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र तक पहुँचें और सीतामढ़ी को शत प्रतिशत मतदान वाला जिला बनाने में योगदान दें।
इस अवसर पर डीएम रिची पाण्डेय एवं प्रेक्षक गण ने स्वयं साइकिल की सवारी की और लोगों को मतदान के लिए उत्साहित किया। रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों, अधिकारियों एवं छात्रों ने भाग लिया।

सभी प्रखंड मुख्यालयों में समानांतर रूप से साइकिल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
रैली में एमपी उच्च विद्यालय, कमला बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, सामाजिक संगठन, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट एंड गाइड, डीपीआरओ कमल सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ माध्यमिक शिक्षा, डीपीओ सर्व शिक्षा अभियान, जिला कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन सहित अन्य पदाधिकारी, किशोर-किशोरी, सैकड़ों की संख्या में बच्चे, युवा, मीडिया कर्मी एवं जिले के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि मतदाता जागरूकता के माध्यम से लोकतंत्र को सशक्त बनाने का यह प्रयास तभी सफल होगा जब प्रत्येक नागरिक मतदान के दिन अपनी भूमिका निभाएगा। स्वीप कोषांग, सीतामढ़ी द्वारा आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि हर मतदाता जागरूक होकर मतदान करे और लोकतंत्र की इस महान परंपरा को मजबूत बनाए।



