
उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करायें – कलेक्टर
रीवा विशाल समाचार. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि केन्द्रों में किसानों को सुविधाओं की व्यवस्था 18 नवम्बर तक पूरी करा लें तथा निर्धारित ऐप में तत्संबंध में जानकारी भी फीड करें। उन्होंने उपार्जन से पूर्व गोदाम व मिलर्स की मैपिंग कराने के भी निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि एक दिसंबर से 20 जनवरी तक की जाने वाली धान खरीदी से पूर्व जिले में निर्धारित खरीदी केन्द्रों में सभी व्यवस्थायें दुरूस्त हो जाये। उन्होंने खरीदी गई धान के भण्डारण के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि अभी तक जिले के 80 उपर्जान केन्द्र ऑनलाइन किये जा चुके हैं।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि उचित मूल्य दुकानों का शत-प्रतिशत सत्यापन करें तथा प्रतिमाह किये जाने वाले खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था नियत समय तक सुनिश्चित करायें। उन्होंने जिले में खाद की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

