
मऊगंज में जनजातीय गौरव रथयात्रा का सफल भ्रमण, आज पिपराही में होगा विश्राम
मऊगंज विशाल समाचार: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की कड़ी में मऊगंज जिले में निकाली जा रही जनजातीय गौरव रथयात्रा अपने दूसरे दिन बालक छात्रावास चरैया में रात्रि विश्राम के लिए पहुँची। यह रथयात्रा जनजातीय समुदाय के बीच उत्साह और जागरूकता का संचार कर रही है। रथयात्रा 11 नवंबर को खुटहा आदिवासी बस्ती, खैर फरहदा, सीतापुर, देवतालाब, और भीर का भ्रमण करते हुए पहले दिन उत्कृष्ट बालक छात्रावास नईगढ़ी में रुकी। रथयात्रा 12 नवम्बर को सुबह नईगढ़ी से चलकर रथयात्रा दामोदरगढ़, खटखरी बिछरहटा, बरांव, गौरी, और शाहपुर होते हुए देर शाम बालक छात्रावास चरैया में पहुँची और यहीं रात्रि विश्राम किया।
रथयात्रा 13 नवंबर को अपनी आगे की यात्रा जारी रखेगी। यह हनुमना, मिसिरगवां, लासा, लोढ़ी, हाटा, प्रतापगंज, और घोगम जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों का भ्रमण करेगी। रथयात्रा के तीसरे दिन का विश्राम बालक छात्रावास पिपराही में सुनिश्चित किया गया है। यह रथयात्रा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने वाले मुख्य समारोह की तैयारी का हिस्सा है। कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने सभी विकासखंडों में मंडल संयोजकों को नोडल अधिकारी नियुक्त कर कार्यक्रम के अनुसार रथयात्रा का भ्रमण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य समारोह 15 नवंबर को कलेक्ट्रेट परिसर मऊगंज में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा जिसमें रथयात्रा के माध्यम से संकलित जागरूकता और उत्साह का प्रदर्शन होगा।

