
तहसील भरथना में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न; जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश –
इटावा, (विशाल समाचार)
तहसील भरथना में आज जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। दोनों शीर्ष अधिकारियों ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी शिकायतों की जांच मौके पर जाकर, संबंधित कर्मचारियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंभीर मामलों में जांच के साथ-साथ जबाबदेह लोगों पर कार्रवाई भी की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी ग्रामीण भ्रमण के दौरान अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं का मैदानी सत्यापन अवश्य करें एवं लाभार्थियों से सीधे फीडबैक लें।
कार्यक्रम में कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपकर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद एवं राजस्व मामलों से संबंधित पाई गईं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह से अधिक लंबित प्रकरणों में देरी का स्पष्ट कारण दर्ज किया जाए और सभी मामलों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में मौके पर जाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर शासन स्तर से भी फीडबैक लिया जा रहा है, इसलिए निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
समाधान दिवस में उपस्थित अधिकारी:
उप जिलाधिकारी भरथना काव्या सी (IAS), क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इटावा के भरथना तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी और एसएसपी ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। 30 शिकायतों में से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया। भूमि विवादों की संख्या सबसे अधिक रही। – विशाल समाचार
#विशालसमाचार #EtawahNews #SampoornaSamadhanDiwas #Bharathana #DMEtawah #SSPEtawah #UttarPradeshNews #Administration #PublicGrievances #DistrictNews



