
जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई
सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता
जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों और अपेक्षित गुणवत्ता के साथ हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय टीम द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला पशुपालन कार्यालय के तहत समेकित बकरी विकास योजना, समेकित मुर्गी विकास योजना, कृत्रिम गर्भाधान तथा केसीसी योजनाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने 13 एवं 14 दिसंबर को केसीसी योजना के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश जिला पशुपालन पदाधिकारी को दिया।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को शिक्षा, कृषि एवं मत्स्य विभाग से संबंधित अतिक्रमित भूमि पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को माह में दो बार प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने तथा उसकी प्रोसीडींग (कार्यवाही)जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की भी विस्तृत समीक्षा की गई। भवन निर्माण विभाग एवं योजना विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता-युक्त रूप से पूरा करने पर बल दिया। सीमांकन कार्य को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान हॉर्टिकल्चर पदाधिकारी एवं गव्य विकास पदाधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया।
ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के क्रम में विभिन्न विभागों को आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने हेतु सभी अंचल अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उद्योग, पशुपालन, विद्युत, ग्रामीण विकास, मत्स्य, सहकारिता, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, आपूर्ति समेत सभी संबंधित विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व) संजीव कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।



