इटावा: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में धीमी प्रगति, शहरी क्षेत्र में लगातार चलेंगे विशेष कैम्प — जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल
इटावा, विशाल समाचार: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत 04 नवंबर 2025 से 11 दिसंबर 2025 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और उन्हें भरवाकर वापस प्राप्त कर रहे हैं।
जिले के 200-इटावा विधानसभा क्षेत्र में कुल 420 मतदेय स्थल स्थापित हैं। इनमें से शहरी क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 87 से 101, 105, 106 तथा 139 से 311 (कुल 190) पर बूथ लेवल अधिकारियों के कार्य की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि शहरी क्षेत्रों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान अपेक्षित संख्या में फार्म प्राप्त नहीं हो रहे हैं।
इस स्थिति को देखते हुए मतदाता सुविधा के लिए पूर्व में निर्धारित 18 स्थानों पर आयोजित विशेष कैम्पों को अब अग्रिम आदेशों तक निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इन कैम्पों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ना एवं BLO को समर्थन, मार्गदर्शन और उत्साह प्रदान करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष कैम्पों पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी लगातार उपस्थित रहकर मतदाताओं को फॉर्म भरवाने, त्रुटियों के सुधार तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण में सहायता करते रहेंगे। उन्होंने सभी BLO को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाएँ ताकि अधिकतम पात्र मतदाता समय रहते मतदाता सूची में शामिल हो सकें।

