पूणे

विजयस्तंभ अभिवादन हेतु आने वाले अनुयायियों को सभी सुविधाएँ तत्काल उपलब्ध कराएं — जिल्हाधिकारी जितेंद्र डुडी के निर्देश

विजयस्तंभ अभिवादन हेतु आने वाले अनुयायियों को सभी सुविधाएँ तत्काल उपलब्ध कराएं — जिल्हाधिकारी जितेंद्र डुडी के निर्देश

 

पुणे, सोहन सिंह:  विजयस्तंभ को अभिवादन करने आने वाले अनुयायियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से आवश्यक सुविधाएँ तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश जिल्हाधिकारी जितेंद्र डुडी ने दिए। उन्होंने बताया कि हर वर्ष अनुयायियों की संख्या लगभग 20 प्रतिशत बढ़ रही है, इसलिए उसी अनुसार विस्तृत योजना तैयार की जाए। यह निर्देश उन्होंने जिल्हाधिकारी कार्यालय में आयोजित तैयारी बैठक में दिए।

 

बैठक में बार्टी के महानिदेशक सुनील वारे, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल, जिला पुलिस अधीक्षक संदीप गिल्ल, पुलिस आयुक्त सोमय मुंडे, निवासी उपजिल्हाधिकारी ज्योती कदम, समाजकल्याण विभाग के सहायक आयुक्त विशाल लोंढे सहित सार्वजनिक बांधकाम विभाग, पुलिस विभाग, पीएमपीएल, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत राज संस्थान तथा अग्निशमन दल के अधिकारी उपस्थित थे।

 

जिल्हाधिकारी डुडी ने विजयस्तंभ परिसर में प्राथमिकता के आधार पर डागडुजी व मरम्मत कार्य, फूलों की सजावट, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा से संबंधित उपाय तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए। बढ़ती वाहतूक को व्यवस्थित रखने हेतु बड़े वाहनों, छोटे वाहनों और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त अस्थायी पार्किंग, प्रवेश–निर्गमन मार्गों की अलग रूपरेखा तथा मार्गदर्शक संकेतक लगाए जाने के निर्देश भी दिए।

 

उन्होंने बताया कि पैदल आने वाले अनुयायियों के लिए सुरक्षित पथ, छाया, पीने के पानी की व्यवस्था, विश्राम स्थल, तथा महिला अनुयायियों के लिए स्वतंत्र मार्ग, हिरकणी कक्ष और स्वच्छता सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। कार्यक्रम के दिन बड़ी भीड़ को देखते हुए शौचालयों की संख्या बढ़ाई जाए, मोबाइल टॉयलेट यूनिट चालू रखी जाए, स्वच्छ पेयजल टंकियाँ व वॉटर प्वाइंट लगाए जाएँ, साथ ही कचरा प्रबंधन हेतु विशेष टीमें, कंटेनर, डम्पर और नियमित संकलन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार केंद्र, डॉक्टर–नर्सिंग स्टाफ, आवश्यक दवाइयाँ, एम्बुलेंस व आपातकालीन सेवाएँ 24×7 उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा के लिए विस्तृत पुलिस बंदोबस्त, राज्य राखीव पुलिस बल की सहायता, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, 24×7 नियंत्रण कक्ष, वायरलेस व्यवस्था, आपातकालीन पथक, फायर ब्रिगेड तथा ड्रोन निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई।

 

अनुयायियों की सुविधा बढ़ाने के लिए बार्टी की ओर से बुक स्टॉल, सूचना केंद्र व स्वयंसेवकों की नियुक्ति भी की जाएगी।

जिल्हाधिकारी डुडी ने स्पष्ट किया कि यह ऐतिहासिक व राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है, इसलिए सभी विभाग समन्वय व तत्परता के साथ कार्य करें ताकि अनुयायियों को सुरक्षित, सुचारु और सम्मानजनक वातावरण प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह तैयार है और इस वर्ष का आयोजन अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएँ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button