
जिले के 54 वें स्थापना दिवस समारोह का विधिवत उद्घाटन कल 11 दिसंबर को 12:30 बजे से डुमरा हवाई अड्डा मैदान में किया जाएगा।
सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता
जिले के 54 वें स्थापना दिवस समारोह का विधिवत उद्घाटन कल 11 दिसंबर को 12:30 बजे से डुमरा हवाई अड्डा मैदान में किया जाएगा। कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन सीतामढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्थापना दिवस का आयोजन किया जा रहा है।स्थापना दिवस का विधिवत उद्घाटन श्री अरुण शंकर प्रसाद माननीय मंत्री ,कला – संस्कृति एवं युवा विभाग के द्वारा किया जाएगा। इसके पूर्व उर्दू कार्यशाला फरोग–ए उर्दू सेमिनार व मुशायरा का आयोजन पूर्वाह्न 10.30 बजे से12.30 बजे तक एवं 01 बजे से 03 बजे तक तीन सत्रों में किया जाएगा।
वही शाम 4:30 बजे से रात 8:00 बजे तक भव्य संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें स्थानीय कलाकारों की बेहतरीन प्रस्तुति होगी। देशभक्ति एवं लोकगीत एवं संगीत की प्रस्तुति जिले के स्थानीय नामचीन कलाकारों के द्वारा की जाएगी। स्थापना दिवस के अवसर पर समानांतर रूप से कबड्डी एवं वेट लिफ्टिंग जैसे खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
साइकिल रैली का आयोजन
जिला स्थापना दिवस (11 दिसंबर) के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह से पूर्व जिले में प्रतिदिन विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय के नेतृत्व में समाहर्ता आवास से भव्य साइकिल रैली निकाली गई। रैली में स्वयं जिलाधिकारी के साथ कई वरीय पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ एवं युवा उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
साइकिल रैली समाहर्ता आवास से प्रारंभ होकर मर्यादा पथ, V2 मॉल, शंकर चौक होते हुए पुनः समाहर्ता आवास परिसर में सम्पन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं जागरूकता का संदेश दिया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिला स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारे सामूहिक विकास और जागरूकता का पर्व है। साइकिल रैली का उद्देश्य लोगों में स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छ पर्यावरण एवं ऊर्जा संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना है। हम सभी मिलकर यदि प्रतिदिन छोटी-छोटी आदतों को अपनाएँ, जैसे साइकिल चलाना, प्रदूषण कम करना और सक्रिय रहना, तो हमारा जिला निश्चित ही एक आदर्श जिले के रूप में स्थापित होगा।
सीतामढ़ी जिले के 54वें स्थापना दिवस पर मशाल जुलूस का आयोजन
मशाल जुलूस के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया गया
नशा व्यक्ति की सेहत, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति—तीनों के लिए घातक है—डीएम
सीतामढ़ी जिले के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर कल देर शाम जिलाधिकारी श्री रिची पांडे के नेतृत्व में मशाल जुलूस का आयोजन किया गया।यह मशाल जुलूस मर्यादा पथ से प्रारंभ होकर न्याय पथ एवं व्यवहार न्यायालय परिसर से होते हुए पुनः समाहरणालय परिसर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। जिला प्रशासन के अनेक पदाधिकारी, कर्मी, तथा बड़ी संख्या में नागरिक इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।
उक्त मौके पर जिलाधिकारी श्री रिची पांडे ने कहा—मशाल जुलूस हमारे जिले की गौरवशाली पहचान, एकता और विकास के संकल्प का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि यह मशाल केवल उत्सव का प्रतीक नहीं, बल्कि नशा-मुक्त समाज की दिशा में जागरूकता की लौ है। नशा व्यक्ति की सेहत, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति—तीनों के लिए घातक है। इसलिए आवश्यकता है कि हम सब मिलकर जिले को नशा-मुक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करें।



