
प्रबोधन, प्रशिक्षण और अनुसंधान से समृद्ध होती है लोकतंत्र : नितिन गडकरी
नागपुर,केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रबोधन, प्रशिक्षण और अनुसंधान लोकतंत्र को समृद्ध बनाने की त्रिसूत्री है। राष्ट्रमंडल संसदीय अध्ययन मंडल के माध्यम से विद्यार्थियों को संसदीय प्रक्रिया और कानून निर्माण को समझने का अवसर मिलता है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था सुदृढ़ होती है।
विधान परिषद सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में वि. स. पागे संसदीय प्रशिक्षण केंद्र द्वारा प्रकाशित संदर्भ ग्रंथ श्रृंखला के द्वितीय ग्रंथ का विमोचन केंद्रीय मंत्री गडकरी के हाथों हुआ। इस अवसर पर विधान परिषद सभापति प्रा. राम शिंदे, विधानसभा अध्यक्ष एड. राहुल नार्वेकर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार तथा संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सभागृह में हुई चर्चाओं से बने कानूनों में जनभावनाओं का प्रतिबिंब दिखाई देता है। उन्होंने विधान परिषद के योगदान को लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।
विधान परिषद सभापति प्रा. राम शिंदे ने कहा कि द्विसदनीय प्रणाली से प्रभावी और संतुलित कानून निर्माण संभव होता है, जिसमें वरिष्ठ सदस्यों के अनुभव की अहम भूमिका रहती है।
कार्यक्रम में वि. स. पागे संसदीय प्रशिक्षण केंद्र के कार्यों पर प्रकाश डाला गया तथा ग्रंथ संपादन से जुड़े पत्रकारों का सम्मान किया गया।
—


