पूणे

अन्यथा सड़क के गड्ढों में बसपा करेगी वृक्षारोपण!

अन्यथा सड़क के गड्ढों में बसपा करेगी वृक्षारोपण!

प्रदेश महासचिव डॉ. हुलगेश चलवादी की चेतावनी

दुर्घटनाग्रस्तों को मुआवजा देने में नगर निगम उदासीन, न्यायालय के आदेशों के पालन की मांग

पुणे,— सड़कों पर बने गड्ढों के कारण मृत एवं घायल नागरिकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाए, अन्यथा पुणे महानगरपालिका के विरोध में शहर की सड़कों पर मौजूद गड्ढों में वृक्षारोपण कर आंदोलन किया जाएगा। यह चेतावनी बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव, पश्चिम महाराष्ट्र जोन के मुख्य प्रभारी तथा पूर्व नगरसेवक डॉ. हुलगेश चलवादी ने सोमवार (दि. 15) को दी।

 

डॉ. चलवादी ने कहा कि पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका ने सड़क गड्ढों के कारण हुई दुर्घटनाओं में घायल अथवा मृत नागरिकों के परिजनों से मुआवजे हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। परंतु पुणे महानगरपालिका उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद इस संबंध में उदासीन रवैया अपनाए हुए है।

 

उन्होंने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय ने जनहित याचिका क्रमांक 72/2023 पर सुनवाई करते हुए 13 अक्टूबर 2024 को दिए गए आदेश में यह स्पष्ट निर्देश दिए थे कि महानगरपालिका द्वारा विकसित सड़कों पर गड्ढों के कारण दुर्घटना होने पर संबंधित पीड़ितों को मुआवजा प्रदान किया जाए। इस आदेश के अनुपालन में पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका ने समिति गठित कर आवेदन स्वीकार करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इसके विपरीत, पुणे महानगरपालिका की भूमिका पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।

 

डॉ. चलवादी ने कहा कि जब उक्त आदेश पुणे महानगरपालिका पर भी समान रूप से लागू होता है, तब प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की कार्रवाई न करना नागरिकों के साथ अन्याय है। पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका ने सार्वजनिक विज्ञापन जारी कर नागरिकों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि पुणे महानगरपालिका की निष्क्रियता अत्यंत चिंताजनक है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि सड़क गड्ढों के कारण होने वाली दुर्घटनाएं नागरिकों की जान पर भारी पड़ रही हैं। ऐसी स्थिति में दोनों महानगरपालिकाओं द्वारा न्यायालय के आदेशों का समान रूप से पालन किया जाना आवश्यक है। पुणे महानगरपालिका की उदासीनता एक गंभीर विषय है।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button