इटावा

सीडी रेशियो बढ़ाने पर जिलाधिकारी का जोर, 65% लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

सीडी रेशियो बढ़ाने पर जिलाधिकारी का जोर, 65% लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

इटावा, विशाल समाचार संवाददाता

जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जिला बैंकर्स समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सी0डी0 रेशियो पर सरकार का विशेष फोकस है, इसलिए सभी बैंक अधिकारी सी0डी0 रेशियो की ग्रोथ बढ़ाने पर विशेष ध्यान दें। शासन द्वारा जनपद के लिए 65 प्रतिशत सी0डी0 रेशियो का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, अतः सभी बैंकों को इस लक्ष्य को अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। जिन बैंकों का सी0डी0 रेशियो 65 प्रतिशत से कम है, उन्हें रणनीति बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद का समग्र विकास सी0डी0 रेशियो पर निर्भर करता है। उन्होंने एमएसएमई सेक्टर में अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत कर लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी बैंकों को एजुकेशन लोन बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चों की पढ़ाई में मदद मिलेगी और भविष्य में रोजगार के अवसर सृजित होंगे। ग्रामीण बैंक को विशेष रूप से एजुकेशन लोन देने और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

बैठक में बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन ओवरसीज बैंक का प्रदर्शन अत्यंत खराब पाया गया। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने बैंक ऑफ इंडिया को सैफई में कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बैंक हर महीने कैंप, आउटरीच प्रोग्राम आदि आयोजित करें, जिससे अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके और सी0डी0 रेशियो का लक्ष्य पूरा किया जा सके।

जिलाधिकारी ने ओडीओपी योजना को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना बताते हुए इसके अंतर्गत अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए। लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत बैंकों द्वारा ऋण अस्वीकृत किए गए आवेदनों के कारणों पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि पात्र आवेदनों को अनावश्यक रूप से अस्वीकृत न किया जाए और अधिक से अधिक ऋण प्रदान किए जाएं।

बैठक में उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार, समाज कल्याण अधिकारी (विकास) प्रिया शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, एलडीएम सहित सभी बैंकर्स एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button