
राष्ट्रीय कला उत्सव 2025 का समापन, हर प्रतिभागी छात्र विजेता : संजय कुमार
पुणे, विशाल समाचार: राष्ट्रीय कला उत्सव 2025 के समापन अवसर पर भारत सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार ने कहा कि उत्सव में भाग लेने वाला हर विद्यार्थी विजेता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में कला को विशेष महत्व दिया गया है और यह उत्सव छात्रों के लिए प्रेरणादायी रहा।
समारोह में संजय कुमार ने महाराष्ट्र सरकार, एनसीईआरटी और यशदा को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने शिक्षकों से छात्रों को अधिक प्रश्न पूछने और रचनात्मक रूप से सीखने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आनंदराव पाटील, शालेय शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव रणजीत सिंह देओल, एनसीईआरटी के निदेशक दिनेश प्रसाद सकलानी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। 12 विभिन्न कला विधाओं में विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
राष्ट्रीय कला उत्सव 2025 का आयोजन 20 से 23 दिसंबर तक यशदा, पुणे में किया गया, जिसमें देशभर के छात्रों ने भाग लेकर कला और संस्कृति का आदान-प्रदान किया।



