
पुरंदर एयरपोर्ट से पुणे के औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री
मुंबई, विशाल समाचार: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पुरंदर में प्रस्तावित एयरपोर्ट से पुणे और आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। यह केवल यात्री नहीं बल्कि कार्गो एयरपोर्ट भी होगा, जिससे कृषि और नाशवंत वस्तुओं के व्यापार को विशेष लाभ मिलेगा। इससे पुणे की जीडीपी में कम से कम दो प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट से प्रभावित सात गांवों के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण में किसानों को अधिकतम मुआवजा देने पर विचार किया जा रहा है। परियोजना प्रभावित किसानों के बच्चों को नौकरी में प्राथमिकता दी जाएगी और कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे। विशेष मामलों में परियोजना प्रभावित प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पुनर्वसन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा रेडी रेकनर के बजाय आपसी सहमति से भूमि दर तय की जाएगी। एयरपोर्ट परिसर में छत्रपति संभाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि पुरंदर एयरपोर्ट परियोजना से क्षेत्र के किसानों और नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ होगा।



