पूणेराजनीति

सर्वजन हिताय’ के लिए बसपा चुनावी रण में उतरेगी

सर्वजन हिताय’ के लिए बसपा चुनावी रण में उतरेगी

उम्मीदवारों की सूची जल्द होगी जारी; डॉ. हुलगेश चलवादी की जानकारी

इच्छुक उम्मीदवारों के साक्षात्कारों में आई तेजी

पुणे विशाल समाचार संवाददाता 

‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत को अपना राजनीतिक डीएनए मानने वाली बहुजन आंदोलन की राजनीतिक धारा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) राज्य में आगामी 15 जनवरी को होने जा रहे 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव पूरी ताकत के साथ स्वतंत्र रूप से लड़ेगी।

इसको लेकर राज्यभर में बसपा कार्यालयों में टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इसी क्रम में 26 दिसंबर को पुणे में पश्चिम महाराष्ट्र ज़ोन के इच्छुक उम्मीदवारों के साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे, जबकि 25 दिसंबर को मुंबई में उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए जाएंगे।

इच्छुक उम्मीदवारों के साक्षात्कार पूर्ण होने के बाद बसपा की ओर से अंतिम उम्मीदवारों की सूची शीघ्र जारी की जाएगी। यह जानकारी प्रदेश महासचिव एवं पश्चिम महाराष्ट्र ज़ोन के मुख्य प्रभारी डॉ. हुलगेश चलवादी ने बुधवार (24 दिसंबर) को दी।

इस अवसर पर डॉ. चलवादी ने बहुजन समाज के हक़ के लिए लगातार संघर्ष कर रहे समविचारी दलों और संगठनों से भी आह्वान किया कि वे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा प्रदत्त ‘हाथी’ चुनाव चिन्ह वाले बसपा के नीले झंडे के नीचे एकजुट होकर स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव मजबूती से लड़ें।

उन्होंने कहा कि शोषित, वंचित और पीड़ित वर्गों को न्याय दिलाना, उनके अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना बसपा का मूल उद्देश्य है। बसपा का प्रत्येक उम्मीदवार केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि विजय प्राप्त कर प्रभावी जनप्रतिनिधि के रूप में कार्य करने के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगा, ऐसा विश्वास भी उन्होंने व्यक्त किया।

डॉ. चलवादी ने बताया कि आज महानगरपालिकाओं में आम नागरिक स्वास्थ्य, शिक्षा, जलापूर्ति, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए बसपा के पास ठोस नीति और सक्षम नेतृत्व उपलब्ध है।

साथ ही, बढ़ते करों का बोझ कम करना, पारदर्शी प्रशासन लागू करना और सामान्य जनता को न्याय दिलाना बसपा की प्राथमिकता रहेगी, ऐसा भी उन्होंने स्पष्ट किया।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक महानगरपालिका में पिछड़े वर्गों के लिए विशेष निधि आरक्षित रहती है, लेकिन सत्ताधारी दल अपनी सुविधा अनुसार इस निधि को अन्यत्र स्थानांतरित कर देते हैं। बसपा इस बात पर अडिग है कि यह निधि केवल पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए ही उपयोग में लाई जाए।

इस निधि का उपयोग गरीब और वंचित छात्रों को शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, उन्हें साइकिल, कंप्यूटर, लैपटॉप देने तथा शैक्षणिक शुल्क में सहायता हेतु किया जा सकता है, ऐसा बसपा का स्पष्ट मत है।

डॉ. चलवादी ने यह भी भरोसा दिलाया कि हर महानगरपालिका में बसपा के निर्वाचित नगरसेवक झुग्गी-झोपड़ीवासियों और वंचित तबकों के अधिकारों के लिए मजबूती से संघर्ष करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button