
शौर्य दिवस कार्यक्रम को लेकर पुलिस आयुक्त ने विजयस्तंभ परिसर का निरीक्षण किया
पुणे: विशाल सिंह:1 जनवरी 2026 को मौजे पेरणे में आयोजित होने वाले भीमा-कोरेगांव विजयस्तंभ शौर्य दिवस अभिवादन समारोह के लिए आने वाले लाखों अनुयायियों की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र आज पुणे पुलिस आयुक्त श्री अमितेश कुमार तथा महाराष्ट्र राज्य के कानून एवं व्यवस्था विभाग के अपर पुलिस महानिदेशक निखिल गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विजयस्तंभ परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े संभावित मुद्दों पर आयोजकों और स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि इस वर्ष का उत्सव शांतिपूर्ण और बिना किसी तनाव के संपन्न होगा, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और 1 जनवरी को निश्चिंत होकर अभिवादन के लिए उपस्थित हों।
निरीक्षण के समय पुणे के सह पुलिस आयुक्त रंजन कुमार शर्मा, कोल्हापुर परिक्षेत्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक सुधीर हिरेमठ, अपर पुलिस आयुक्त मनोज पाटील, पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल, पुलिस उपायुक्त सोमय मुंडे, संदीप भाजीभीकरे, हिम्मतराव जाधव सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।



