इटावा में अटल जी की प्रतिमा का अनावरण एवं अटल पथ का लोकार्पण, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा – अटल जी विचारों से भी थे अटल
इटावा | विशाल समाचार
भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व प्रधानमंत्री, की प्रतिमा का अनावरण एवं अटल पथ का लोकार्पण बुधवार को इटावा में माननीय मंत्री जल शक्ति विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, श्री स्वतंत्र देव सिंह जी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अटल जी की यह प्रतिमा हमें उनके विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की निरंतर याद दिलाएगी। उन्होंने कहा कि अटल जी का केवल नाम ही अटल नहीं था, बल्कि उनके विचार और सिद्धांत भी अटल थे। ग्राम सड़क योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्होंने देश को नई दिशा दी। अटल जी देश की अनमोल धरोहर थे, जो युद्ध के मैदान में भी अकेले डटकर खड़े रहे।
उन्होंने कहा कि अटल जी अत्यंत सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और उनके जीवन के पांच मूलमंत्र आज भी हमें प्रेरणा देते हैं। अटल जी इस देश की मिट्टी और आत्मा में बसे हैं। वे ऐसे प्रधानमंत्री थे जिनकी वाणी में कविता और विचारों में राष्ट्रभाव था। यह अटल पथ केवल एक सड़क नहीं, बल्कि सुशासन और सम्मान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा है। उन्होंने अटल जी के शब्दों को दोहराते हुए कहा— “अंधेरा घना है, लेकिन सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।”
कार्यक्रम में उपस्थित माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, श्री धर्मवीर प्रजापति जी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी खुले और सर्वोपरि विचारों के व्यक्ति थे। उन्होंने जो भी कार्य किए, वे देश और समाज के हित में किए। अटल जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया और उनके विचार आज भी लोकतंत्र को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा— “लोकतंत्र पहले है, सरकार नहीं।”
माननीय सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया जी ने अटल जी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि व्यक्ति को सशक्त बनाना ही राष्ट्र को सशक्त बनाना है और सशक्तिकरण तीव्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन से संभव है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया, जिलाध्यक्ष भाजपा अन्नू गुप्ता, जिला प्रभारी कमलावती, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



