सीतामढ़ी सदर अस्पताल में सरकारी दवाएं जलाने का मामला, एक गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, जांच के आदेश
कुणाल किशोर संवाददाता सीतामढ़ी
सीतामढ़ी। सदर अस्पताल में सरकारी संसाधनों की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल के मुख्य गेट के पास एक युवक को सरकारी दवाएं जलाकर आग तापते हुए देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में मॉक्सिफ्लॉक्सासिन आई ड्रॉप सहित अन्य सरकारी दवाओं को आग में जलाते हुए युवक नजर आ रहा है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान गुलाब के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अस्पताल परिसर में अवैध रूप से रह रहा था और उसने दवा स्टोर से दवाएं चोरी की थीं। इस संबंध में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं अस्पताल प्रशासन ने भी आंतरिक जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस प्रकरण में अस्पताल के दवा स्टोर कर्मियों की गंभीर लापरवाही भी उजागर हो रही है। जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



