
शिवहर दौरे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, करोड़ों की विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास संभव
शिवहर विशाल समाचार: 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित शिवहर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने स्वयं कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान देकुली धाम मंदिर तथा नवनिर्मित बस स्टैंड के उद्घाटन की संभावना है। इसके अलावा शिवहर-तरियानी स्टेट हाइवे, मेडिकल कॉलेज सहित कई बड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा सकता है। नवाब हाईस्कूल परिसर में विकास योजनाओं से संबंधित शिलापट्ट का अनावरण भी प्रस्तावित है।
प्रशासन द्वारा तय संभावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बागमती प्रमंडल मैदान में उतरेंगे, जहां से वे नवाब हाईस्कूल पहुंचकर विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद नवनिर्मित बस स्टैंड का उद्घाटन और देकुली धाम मंदिर में दर्शन एवं उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री सीतामढ़ी के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थलों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस दौरे को शिवहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



