इटावाशिक्षा

नववर्ष 2026 के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

नववर्ष 2026 के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

इटावा | विशाल समाचार 

जिला मजिस्ट्रेट इटावा शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि प्राप्त सूचना के अनुसार दिनांक 31.12.2025 की रात्रि से नववर्ष 01.01.2026 तक मनाया जाएगा। नववर्ष के अवसर पर युवा वर्ग द्वारा होटलों, क्लबों एवं अन्य मनोरंजन स्थलों पर समूह में एकत्र होकर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

जनपद में स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा नववर्ष स्वागत के दौरान घरों की छतों एवं सड़कों पर कहीं-कहीं पटाखे छोड़े जाते हैं। इसके अतिरिक्त थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत होटल चाणक्य, होटल कुणाल, होटल शुभम, होटल अमर आशियाना, थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत इटावा क्लब, होटल विशाल प्रेम सहित अन्य थाना क्षेत्रों में स्थित होटल/रेस्टोरेंट में लोग भोजन, नाश्ता कर एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हैं।

इस दौरान कुछ नवयुवकों द्वारा शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर दोपहिया/चारपहिया वाहन तेज गति से चलाने की आशंका बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की प्रबल संभावना रहती है। साथ ही नववर्ष के उपलक्ष्य में जनपद के विभिन्न स्थानों पर देर रात्रि तक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवक-युवतियां प्रतिभाग करते हैं। कुछ आयोजनों में डी.जे. (तीव्र ध्वनि विस्तारक यंत्र) का प्रयोग किया जाता है, जिससे आसपास रहने वाले नागरिकों को परेशानी होती है।

उक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए नगर मजिस्ट्रेट इटावा, उप जिलाधिकारी इटावा/भरथना/सैफई/जसवंतनगर/चकरनगर/ताखा एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस इटावा/भरथना/सैफई/जसवंतनगर/चकरनगर को निर्देशित किया जाता है कि—

आयोजनों में डी.जे. का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए।

किसी भी आयोजन में मादक पदार्थों का सेवन कदापि न होने दिया जाए।

जनपद में लागू भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी, इटावा को सभी चिकित्सा व्यवस्थाएं एवं सेवाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी, इटावा को अग्निशमन से संबंधित समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जनपदवासियों से अपील है कि नववर्ष को शांति, संयम एवं सुरक्षित तरीके से मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button