
महर्षि अण्णासाहेब पटवर्धन वैद्यकीय पुरस्कार वैद्य नरेंद्र भट्ट को
पुणे विशाल समाचार :वैद्य खडीवाले वैद्यक अनुसंधान संस्था की ओर से आयुर्वेद के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वैद्यों को प्रतिवर्ष दिए जाने वाले महर्षि अण्णासाहेब पटवर्धन वैद्यकीय पुरस्कार की घोषणा की गई है। इस वर्ष यह सम्मान मुंबई के वैद्य नरेंद्र भट्ट को प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही महाराष्ट्र के 12 अन्य वैद्यों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
संस्था के विश्वस्त वैद्य विनायक परशुराम वैद्य खडीवाले ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह गुरुवार, 15 जनवरी को शाम 5 बजे तिलक स्मारक मंदिर, पुणे में आयोजित होगा। समारोह में प्रसिद्ध अभिनेता प्रशांत दामले विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मुख्य पुरस्कार में 51,001 रुपये, मानपत्र, स्मृतिचिन्ह, शॉल व श्रीफल शामिल हैं। अन्य सभी पुरस्कारों का स्वरूप 21,001 रुपये, प्रमाणपत्र, स्मृतिचिन्ह और श्रीफल रहेगा। यह समारोह का 41वां वर्ष है। इस अवसर पर सम्मानित वैद्यों के कार्यों पर आधारित स्मरणिका का विमोचन भी किया जाएगा।
आयुर्वेद के पंचकर्म, शल्यतंत्र, अनुसंधान, शिक्षण और समाजसेवा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वैद्यों का इस कार्यक्रम में सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम सभी के लिए निःशुल्क खुला है।



