
पुणे में पहली बार होगा गौ-कथा सप्ताह, श्री देशमुख महाराज फाउंडेशन द्वारा प.पू. श्री गंगाधर स्वामी की 19वीं समाधि वर्षगांठ के अवसर पर आयोजन
देशी गायों की नस्लों को लेकर जनजागरण का विशेष उपक्रम
पुणे विशाल समाचार: श्री देशमुख महाराज फाउंडेशन की ओर से प.पू. श्री गंगाधर स्वामी की 19वीं समाधि वर्षगांठ के पावन अवसर पर देशी गायों की विभिन्न नस्लों के संरक्षण व उनके महत्व को लेकर जनजागरूकता फैलाने हेतु पुणे में पहली बार गौ-कथा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह गौ-कथा सप्ताह गुरुवार, दिनांक 8 जनवरी से बुधवार, दिनांक 14 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
यह जानकारी फाउंडेशन की अध्यक्ष सुवर्णा बालेघाटे ने आयोजित पत्रकार परिषद में दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम वर्धमान सभागृह, गंगाधाम चौक, पुणे में संपन्न होगा।
इस अवसर पर पत्रकार परिषद में संस्थापक अध्यक्ष गुरुदास देशमुख महाराज, विश्वस्त नरहर शिदोरे, वेदमूर्ति मंदार खळदकर, भोला वांजळे, प्रसाद खंडागळे, निरंजन गोळे, विरेंद्र कुंटे, अमित भुतडा सहित अनेक मान्यवर उपस्थित थे।
यह गौ-कथा सप्ताह श्री देशमुख महाराज फाउंडेशन के साथ-साथ विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा शक्ति, मातृ शक्ति, गौ भक्त ग्रुप, गौ भगिनी कन्या ग्रुप, ग्रंथ दिंडी पारायण ग्रुप तथा गो विज्ञान परिषद के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन गुरुवार, दिनांक 8 जनवरी 2026 को दोपहर 1.30 बजे होगा। इस गौ-कथा सप्ताह में पूज्य साध्वी कपिला दीदी गोपाल सरस्वती श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन प्रदान करेंगी।
उद्घाटन के पश्चात कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे देशी गायों पर आधारित पुस्तक “भारतीय कामधेनु” का विमोचन किया जाएगा।
सप्ताह का समापन पालखी सोहळे के साथ होगा। यह सोहळा बुधवार, दिनांक 14 जनवरी 2026 को प.पू. श्री गंगाधर स्वामी की संजीवन पादुका पालखी के रूप में पानशेत स्थित गिवशी गांव के साधनाश्रम में आयोजित किया जाएगा।
इस गौ-कथा सप्ताह के दौरान गौसेवा में कार्यरत संस्थाओं एवं गोरक्षकों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही देशी गायों की विभिन्न नस्लों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें उनके महत्व और विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की भी व्यवस्था रहेगी।
यह संपूर्ण कार्यक्रम निःशुल्क है। संस्था की ओर से नागरिकों एवं युवाओं से बड़ी संख्या में उपस्थित रहने का आवाहन किया गया है।


