
इटावा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 11 सदस्यीय वाहन चोर गिरोह गिरफ्तार
इटावा विशाल समाचार
जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए इटावा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सैफई पुलिस ने अन्तरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 चोरी की मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा दो चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के आदेश पर की गई।
दिनांक 01 जनवरी 2026 को थाना सैफई पुलिस मुचेहरा तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि तीन चोरी की मोटरसाइकिलों पर छह युवक पीजीआई सैफई से मुचेहरा की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर छह अभियुक्तों को तीन चोरी की मोटरसाइकिलों सहित गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान एक अभियुक्त के पास से अवैध तमंचा व कारतूस तथा दो अन्य के पास से चाकू बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्तों ने सैफई पीजीआई एवं अन्य जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें रेलवे स्टेशन के पास छुपाने तथा पार्ट बदलकर बेचने की बात स्वीकार की।
अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 10 और चोरी की मोटरसाइकिलें व एक मोटरसाइकिल का इंजन बरामद किया। इस संबंध में थाना सैफई में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।


