इटावा

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत इटावा में जीरो फैटेलिटी हेतु संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत इटावा में जीरो फैटेलिटी हेतु संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित

इटावा विशाल समाचार:

सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा के प्रति आम जनमानस में जागरूकता लाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन जनपद में दिनांक 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। इस क्रम में माह के द्वितीय दिवस पर जनपद के विभिन्न बस, ट्रक, ऑटो, ई-रिक्शा एवं टैक्सी चालकों तथा यूनियन के पदाधिकारियों के साथ जीरो फैटेलिटी के लक्ष्य को लेकर एक संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए श्री प्रदीप कुमार देशमणि, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), इटावा ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्ण रूप से पालन करना ही नहीं, बल्कि दूसरों को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाकर प्रत्येक व्यक्ति को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को शून्य तक लाया जा सके।

उन्होंने हेल्मेट की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हेल्मेट दुर्घटना की स्थिति में ही नहीं, बल्कि सामान्य परिस्थितियों में भी सिर के साथ-साथ आंख, मुंह और नाक की सुरक्षा करता है। इसी प्रकार सीट बेल्ट का प्रयोग शरीर पर थकान को कम करने के साथ-साथ रीढ़ की हड्डी (बैक बोन) की सुरक्षा में भी सहायक होता है।

अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर हम अनुशासित नागरिक होने का परिचय देते हैं और समाज व देशहित में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। साथ ही वाहन चालकों एवं आमजन से यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने तथा अपने परिवारजनों और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की गई।

इस कार्यशाला में जनपद के लगभग 80 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिनमें बस, ट्रक, ऑटो, ई-रिक्शा एवं टैक्सी चालक, यूनियन के पदाधिकारी तथा परिवहन विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button