इटावाशिक्षा

लखना में पंचनद प्रेरणा स्टोर व दुकानों का उद्घाटन, जन चौपाल में योजनाओं की दी जानकारी

लखना में पंचनद प्रेरणा स्टोर व दुकानों का उद्घाटन, जन चौपाल में योजनाओं की दी जानकारी

सरकार बेटी के जन्म से विवाह तक साथ खड़ी है – प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति

इटावा: विशाल समाचार 

उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा तथा जनपद इटावा के प्रभारी मंत्री श्री धर्मवीर प्रजापति द्वारा आज लखना में पंचनद प्रेरणा स्टोर एवं दो दुकानों का उद्घाटन किया गया।

इसके पश्चात लखना देहात में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का शिलान्यास व अनावरण, साथ ही अध्ययन कक्ष एवं पंचायत घर का उद्घाटन किया गया। तत्पश्चात ग्राम पंचायत लखना देहात, विकास खंड महेवा में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए मंत्री श्री प्रजापति ने कहा कि सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाए, ताकि पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि पंचायत घर से भी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा के साथ-साथ रोजगार संबंधी जानकारी लेने और उसमें सहभागिता करने का आह्वान किया।

मंत्री जी ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। सरकार बेटी के जन्म से लेकर विवाह तक उसकी चिंता कर रही है। उन्होंने सामूहिक विवाह योजनाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और उसका लाभ लें। गांव स्तर पर बनी लाइब्रेरी का उपयोग कर बच्चे अध्ययन करें। सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ लेकर हर व्यक्ति विकास से जुड़े और आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि सहित सभी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है तथा गांव के विकास धन का कोई दुरुपयोग नहीं कर सकता।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री द्वारा बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई। जन चौपाल के दौरान अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा ग्राम विकास विभाग के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास, व्यक्तिगत शौचालय, कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न योजनाओं के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, नगर पालिका अध्यक्ष सन्नी, सहित जनप्रतिनिधिगण, जिला स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button