राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत अवैध हूटर व काली फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई
11 वाहन स्वामियों पर की गई प्रवर्तन कार्रवाई, नियमों के प्रति किया गया जागरूक
इटावा: विशाल समाचार
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) ने जानकारी दी है कि शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह” जनपद इटावा में 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक मनाया जा रहा है।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के नवम दिवस के अवसर पर हूटर, प्रेशर हार्न एवं शीशों पर काली फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 09 जनवरी 2026 को श्री प्रदीप कुमार देशमणि, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, इटावा द्वारा 11 वाहन स्वामियों पर प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, अवैध हूटर एवं प्रेशर हार्न का प्रयोग न करने तथा वाहनों के शीशों पर काली फिल्म न लगाने के संबंध में जागरूक किया गया।
परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
