
बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026: ल्यूक मडग्वे का दबदबा कायम, ‘मराठा हेरिटेज सर्किट’ में लगातार दूसरी जीत
पुणे सोहन सिंह:
पुणे में आयोजित अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग प्रतियोगिता ‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026’ ने दूसरे दिन रोमांचक मोड़ ले लिया। ‘मराठा हेरिटेज सर्किट’ के दूसरे चरण में चीन की ली निंग स्टार टीम के साइक्लिस्ट ल्यूक मडग्वे ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए येलो जर्सी पर अपना वर्चस्व बरकरार रखा। विजेताओं का सम्मान विधायक भीमराव तापकीर और पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवलकिशोर राम के हाथों किया गया।
दूसरा चरण 105.3 किलोमीटर लंबा था। दौड़ की शुरुआत दोपहर 12.30 बजे पुणे के कैंप स्थित लेडीज़ क्लब से हुई और समापन सिंहगढ़ रोड के नांदेड सिटी में हुआ। पहाड़ी मार्ग, तीखे चढ़ाव और घुमावदार सड़कों के कारण यह चरण साइक्लिस्टों की शक्ति, तकनीक और सहनशक्ति की कड़ी परीक्षा साबित हुआ।
ल्यूक मडग्वे ने 2 घंटे 31 मिनट 49 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। थाईलैंड की रुजाई इंश्योरेंस टीम के एलन कार्टर बेटल्स दूसरे, जबकि बेल्जियम के यॉर्बन लॉरिसेन तीसरे स्थान पर रहे।
दूसरे चरण के जर्सी विजेता
येलो जर्सी (कुल बढ़त): ल्यूक मडग्वे (चीन)
पोल्का डॉट जर्सी (किंग ऑफ द माउंटेन्स): स्टीफन बेनेटन (गुआम)
ऑरेंज जर्सी (सर्वश्रेष्ठ एशियाई साइक्लिस्ट): जंबालजाम्ट्स सेनबायर (मंगोलिया/स्पेन)
व्हाइट जर्सी (सर्वश्रेष्ठ युवा साइक्लिस्ट): तिजसेन विगो (नीदरलैंड्स)
ब्लू जर्सी (भारत के सर्वश्रेष्ठ साइक्लिस्ट): मनव सरदा (इंडियन डेवलपमेंट टीम)
यह प्रतियोगिता भारत की पहली UCI 2.2 श्रेणी की पांच दिवसीय मल्टी-स्टेज कॉन्टिनेंटल साइक्लिंग रेस है। इसमें पांच महाद्वीपों के 35 देशों के 171 अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट भाग ले रहे हैं। कुल 437 किलोमीटर का मार्ग पुणे जिले के 9 तालुकों और 150 गांवों से होकर गुजरता है।
जीत के बाद ल्यूक मडग्वे ने कहा कि मौसम काफी गर्म था और चढ़ाई चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन टीम के सहयोग से जीत संभव हो सकी।
प्रतियोगिता का तीसरा चरण 22 जनवरी 2026 को ‘वेस्टर्न घाट गेटवे’ अंतर्गत पुरंदर से बारामती (134 किमी) के बीच आयोजित होगा।



