
प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का खुलासा, रेलवे ट्रैक पर रखकर दुर्घटना का दिया रूप
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। थाना इकदिल क्षेत्र में डीएफसी रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव के मामले का इटावा पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए प्रेम प्रसंग में की गई हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19/20 फरवरी 2026 की रात थाना इकदिल पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई, जिसमें मृतक की पहचान मनीष यादव पुत्र राजवीर सिंह निवासी नगला बंधा, थाना भरथना के रूप में हुई। परिजनों द्वारा 18 फरवरी को थाना भरथना में मनीष की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि मृतक का अभियुक्त अभिषेक यादव की बहन से प्रेम संबंध था, जिससे रंजिश के चलते अभियुक्तों ने पूर्व नियोजित योजना के तहत मनीष को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाकर इकदिल क्षेत्र के सुनसान स्थान पर ले जाकर चाकू से हमला कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मृतक के कपड़े एवं अन्य सामान को जलाया गया तथा शव को दुर्घटना का रूप देने के लिए रेलवे ट्रैक पर रख दिया गया। पुलिस ने 22 फरवरी को अभियुक्त दीपक पुत्र अरविंद कुमार निवासी केशोपुर कलां को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू, दो मोबाइल फोन एवं टाटा नेक्सॉन कार (UP 79 AA 8116) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में थाना भरथना पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।



