
दुकान पर धावा बोलकर 4300 रुपये लूटे, विरोध करने पर चाकू से हमला
दो नामजद समेत 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के बलरई थाना इलाके के गांव गढ़ी ददले में दबंगों द्वारा एक दुकान पर धावा बोलकर लूटपाट और मारपीट करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दुकान पर काम कर रहे एक कारीगर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत करीब 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गढ़ी ददले निवासी राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे कृष्ण और बरुआ पुत्र सर्वेश कुमार निवासी कटारी थाना जसवंतनगर तथा राज धाकरे पुत्र शिवराज सिंह निवासी गढ़ी ददले अपने करीब 15 साथियों के साथ तीन वाहनों में सवार होकर उनकी दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि दुकान पर पहुंचते ही सभी ने राजेंद्र सिंह को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए गल्ले में रखे करीब 4300 रुपये जबरन निकाल लिए।
जब राजेंद्र सिंह ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कृष्ण और बरुआ ने चाकू से वार कर दिया, जिससे दुकान पर काम कर रहे कारीगर सुनील पुत्र सोनपाल निवासी पूछरी के सिर में गंभीर चोट लग गई। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपी राज धाकरे ने अवैध पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी भी दी।
आरोपियों ने राजेंद्र सिंह, कारीगर सुनील और हरिओम के साथ मारपीट की तथा दुकान में रखी कुर्सी समेत अन्य सामान में तोड़फोड़ कर दी। घटना से दुकान पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागते समय एक कार का शीशा भी टूट गया, जबकि एक सीट पुलिस के कब्जे में बताई जा रही है।
थाना निरीक्षक दिवाकर सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।



