
माहेश्वरी प्रीमियर लीग 4 अप्रैल से, नेहरू स्टेडियम में सजेगा क्रिकेट का रोमांच
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे : पुणे जिला माहेश्वरी प्रगति मंडल (जिला युवा समिति) के तत्वावधान में “पुणे जिला माहेश्वरी प्रीमियर लीग (पीएमपीएल)” व्हाइट लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 12 अप्रैल 2026 के बीच किया जाएगा। यह प्रतियोगिता स्वारगेट स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में कुल डेढ़ लाख रुपये के आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। यह जानकारी क्रीड़ा अध्यक्ष नीरज धूत ने पत्रकार परिषद में दी।
इस अवसर पर युवा अध्यक्ष रोनक झंवर, युवा सचिव मनीष मणियार, क्रीड़ा सचिव गितेश झंवर, कोषाध्यक्ष हिमांशू सोनी सहित अभय करवा, संतोष जाजू, कृष्णा राठी और शुभम मंत्री उपस्थित थे।
रोनक झंवर ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल छह टीमें भाग लेंगी और कुल 19 मैच खेले जाएंगे। इनमें 12 मैच लीग चरण में होंगे, जो 12-12 ओवर के होंगे। 11 अप्रैल को सेमीफाइनल (16 ओवर) खेले जाएंगे, जबकि 12 अप्रैल को तीसरे स्थान के लिए मुकाबला और फाइनल मैच आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में हाय-बाइट चैलेंजर्स, मोल्डर्स, प्रारव पैंथर्स, सारडा स्टैलियन, साइज मास्टर्स स्मैशर्स और स्मैशर योद्धाज टीमें भाग लेंगी। सभी मैच प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 4:30 बजे तक खेले जाएंगे।
विजेता टीम को ₹71,000 तथा उपविजेता टीम को ₹41,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और सर्वश्रेष्ठ फील्डर को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक बेहडे बिल्डकॉन एलएलपी (निशांत बेहडे एवं परिवार) हैं, जिन्होंने लगातार दूसरे वर्ष प्रतियोगिता को समर्थन दिया है। मेटारोल (श्रीमती राधिका बिर्ला) को-टाइटल स्पॉन्सर हैं। बुलडाणा अर्बन को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी लिमिटेड वेन्यू स्पॉन्सर, जीबी ग्रुप (गणेश भुतड़ा) ट्रॉफी स्पॉन्सर तथा मॅजेस्टिक लैंडमार्क (कैलाश मुंदड़ा) जर्सी स्पॉन्सर के रूप में सहयोग कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त डीडब्ल्यू रियल्टर्स एंड लॉ फर्म, स्वनिती, तिरुपति सेल्स एम्पोरियम और अरुणकुमार एंड कंपनी एसोसिएट स्पॉन्सर के रूप में जुड़े हैं। आयोजकों के अनुसार, लगातार दूसरे वर्ष मिल रहे प्रायोजकों के सहयोग से इस वर्ष की पीएमपीएल प्रतियोगिता और अधिक भव्य, आकर्षक एवं प्रतिस्पर्धात्मक होने की उम्मीद है।


