
इटावा से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हेतु तीर्थ यात्रियों का जत्था रवाना
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा, उत्तर प्रदेश
इटावा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत जनपद इटावा से तीर्थ यात्रियों का जत्था रविवार को विकास भवन परिसर से रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी एवं सचिव, जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद श्री मोहित सिंह तथा जिला उपाध्यक्ष सदस्य श्री कृपा नारायण तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर जत्थे को लखनऊ के लिए प्रस्थान कराया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित इस योजना का उद्देश्य नागरिकों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आस्था से जोड़ना है। इस पहल के तहत प्रत्येक जिले से चयनित तीर्थ यात्रियों के साथ एक नोडल अधिकारी को भी सोमनाथ मंदिर दर्शन हेतु भेजा जा रहा है।
जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि भारतीय संस्कृति, आस्था और आत्मगौरव का प्रतीक है। जनपद से चयनित इस तीर्थ यात्रा दल में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, व्यापारी एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं।
यात्रा के लिए नोडल अधिकारी के रूप में श्री धीरेन्द्र कुमार को नियुक्त किया गया है। तीर्थ यात्री 19 अप्रैल को लखनऊ से विशेष ट्रेन द्वारा प्रस्थान कर 21 अप्रैल को गुजरात पहुंचेंगे। 22 एवं 23 अप्रैल को वे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जबकि 24 अप्रैल को उनकी वापसी प्रस्तावित है।

