प्रशासनदेशसीतामढ़ी

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2026 में सीतामढ़ी की बड़ी उपलब्धि, महुआवा पंचायत को “क्लाइमेट एक्शन स्पेशल पंचायत अवार्ड” में देशभर में तृतीय स्थान

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2026 में सीतामढ़ी की बड़ी उपलब्धि, महुआवा पंचायत को “क्लाइमेट एक्शन स्पेशल पंचायत अवार्ड” में देशभर में तृतीय स्थान

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार/भारत

भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2026 (मूल्यांकन वर्ष 2024-25) के अंतर्गत विशेष श्रेणी पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा की गई है। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार में बिहार के सीतामढ़ी जिले के बथनाहा प्रखंड अंतर्गत महुआवा ग्राम पंचायत को “क्लाइमेट एक्शन स्पेशल पंचायत अवार्ड” श्रेणी में देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है।

पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 12 मई 2026 को जारी पत्र के अनुसार विशेष श्रेणी पुरस्कारों की सूची में बिहार से एकमात्र सीतामढ़ी जिले की महुआवा पंचायत को यह सम्मान प्राप्त हुआ है। जारी सूची के अनुसार इस श्रेणी में आंध्र प्रदेश की पंचायत को प्रथम, महाराष्ट्र एवं ओडिशा की पंचायतों को द्वितीय तथा सीतामढ़ी जिले के महुआवा ग्राम पंचायत को तृतीय स्थान मिला है।

यह पुरस्कार पंचायत स्तर पर जलवायु संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, स्वच्छता, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा सतत विकास से जुड़े उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया है। महुआवा पंचायत में पर्यावरण संरक्षण एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सौर ऊर्जा चालित सीसीटीवी कैमरों का अधिष्ठापन कराया गया है। इससे बिजली की बचत के साथ-साथ पंचायत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है तथा सार्वजनिक स्थलों की निगरानी आसान हुई है। इसके अतिरिक्त पंचायत में स्वच्छता, हरित वातावरण निर्माण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पंचायत क्षेत्र में विकास एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिला है।

 

जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि महुआवा पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान पूरे सीतामढ़ी जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में किए गए नवाचार अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगे। जिलाधिकारी ने पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button