
ऐतिहासिक पुस्तक “सुवर्णद्वीप” का 6 जून को होगा लोकार्पण
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे : प्राचीन भारत और इंडोनेशिया के बीच सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंधों को उजागर करने वाली पुस्तक “सुवर्णद्वीप – हिंदू बुद्धिस्ट किंगडम्स ऑफ एन्शंट इंडोनेशिया” के लोकार्पण समारोह का आयोजन 6 जून को किया गया है। यह जानकारी पुस्तक की लेखिका ऋता उंबरजे और संगीता चाफेकर ने पत्रकार परिषद में दी।
उन्होंने बताया कि “सुवर्णद्वीप – हिंदू बुद्धिस्ट किंगडम्स ऑफ एन्शंट इंडोनेशिया” पुस्तक का लोकार्पण समारोह 6 जून 2026 को शाम 6:15 बजे फिरोदिया ऑडिटोरियम स्थित भांडारकर प्राच्यविद्या संशोधन संस्था में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व आईसीएचआर अध्यक्ष डॉ. ए. पी. जामखेडकर के हाथों पुस्तक का लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जी. बी. देगलूरकर करेंगे, जबकि डॉ. अंबरीश खरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस पुस्तक में समुद्री दक्षिण-पूर्व एशिया में प्राचीन भारतीय संस्कृति के प्रभाव, हिंदू-बौद्ध राज्यों की परंपरा, वास्तुकला, साहित्य, भाषा और सांस्कृतिक विरासत का गहन अध्ययन प्रस्तुत किया गया है। व्यापार, समुद्री यात्राओं और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से भारतीय संस्कृति ने इंडोनेशिया सहित कई देशों पर गहरा प्रभाव डाला। पुस्तक में इसी ऐतिहासिक संबंधों का विस्तृत वर्णन किया गया है।
लेखिकाओं ने बताया कि इस पुस्तक का उद्देश्य भारतीय संस्कृति के वैश्विक विस्तार और भारत-इंडोनेशिया के समृद्ध सांस्कृतिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। ‘अपरांत’ प्रकाशन द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक पाठकों को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर प्रदान करेगी।


