
इटावा पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड, SSP ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर पुलिस बल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से दौड़ और विभिन्न व्यायाम कराए गए, वहीं अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल भी करवाई गई।
एसएसपी ने यूपी-112 पीआरवी वाहनों का निरीक्षण कर दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट एड किट तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की जांच की। उन्होंने उपकरणों के रखरखाव एवं संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित मेस का निरीक्षण कर साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही एमटी शाखा और फायर सर्विस कार्यालय का निरीक्षण कर वाहनों एवं उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की तथा उन्हें हमेशा क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनपद की कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस बल द्वारा बलवा ड्रिल का भी अभ्यास कराया गया। अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, आपात परिस्थितियों से निपटने और सुरक्षा उपायों संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
परेड के उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन आदेश कक्ष में विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की तथा पुलिसकर्मियों का अर्दली रूम कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



