
अपर कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया पौधारोपण
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला, विकासखण्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके पर्यावरण संरक्षण के संदेश दिए गए। इसके साथ-साथ जिले भर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा आमजनों ने पौधे रोपित किए। कलेक्ट्रेट परिसर में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने पौधे रोपित करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। धरती में तापमान का बढ़ना, वर्षा में अनियमितता और सूखे जैसे दुष्प्रभाव को रोकने के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है। धरती पौधों से हरी, भरी रहेगी तभी हमें पर्याप्त आक्सीजन और पानी मिलेगा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हर व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण का संकल्प ले। इस अवसर पर खनिज अधिकारी श्रीमती दीपमाला तिवारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


