
विन्ध्य विकास प्राधिकरण कार्यालय परिसर में किया गया पौधारोपण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विन्ध्य विकास प्राधिकरण कार्यालय परिसर में आम के पौधे रोपित किए गए। विन्ध्य विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, पूर्व महापौर एवं जिला अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने इस अवसर पर पौधारोपण किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए इस अवसर पर रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद तथा विन्ध्य विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिल दुबे ने भी पौधे रोपे। इस अवसर पर अध्यक्ष श्री प्रजापति ने कहा कि वृक्षों में देवों का वास होता है। प्राचीन काल से वृक्षों की पूजा की जा रही है। पर्यावरण की सुरक्षा में पेड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पौधे रोपित करके हम सब पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। उपाध्यक्ष श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि पर्यावरण का संरक्षण सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। हम सब मिलकर पर्यावरण संरक्षण के प्रयास करेंगे। विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधे रोपित करके इस प्रयास का शुभारंभ किया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान शुरू किया है। अभियान से प्रेरित होकर हम सभी को पर्यावरण की रक्षा के लिए एक पेड़ अवश्य लगाने चाहिए। घर में जब भी किसी का जन्मदिन या और कोई महत्वपूर्ण अवसर हो तो हम पौधारोपण कर उस खुशी को दुगना कर सकते हैं। इस अवसर पर कमिश्नर श्री जामोद ने कहा कि पौधे ही पृथ्वी पर पर्यावरण को संतुलित करते हैं। पर्याप्त हरियाली होने पर ही तापमान नियंत्रित रहता है और अच्छी वर्षा होती है। जीव अपनी सांस से जो कार्बनडाई आक्साइड छोड़ते हैं उसे लेकर पौधे ही हमें आक्सीजन देते हैं। हमारी सांसे पौधों पर ही निर्भर हैं। इसलिए हर व्यक्ति को धरती को हरा-भरा बनाने में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीमती पन्नाबाई प्रजापति, अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा आमजन उपस्थित रहे।


