
विश्व पर्यावरण दिवस पर बहुती जलप्रपात बना हरित संकल्प का केंद्र : कलेक्टर श्री जैन
विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर संजय कुमार जैन ने दिलाई पर्यावरण संरक्षण की शपथ, ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के तहत हुआ आयोजन मऊगंज, 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के प्रसिद्ध बहुती जलप्रपात परिसर में ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ पर्यावरण उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत वृहद पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय कुमार जैन की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।बहुती जलप्रपात जैसे प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा हरित एवं स्वच्छ मऊगंज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश दिया।
कलेक्टर संजय कुमार जैन द्वारा पौधरोपण कर किया गया। उन्होंने पीपल, आम, महुआ, इमली, शीशम एवं वाटर पाम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर जिलेवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की शपथ ली।
कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के लिए ही नहीं, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता एवं आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान भावनात्मक रूप से समाज को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का अभिनव प्रयास है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान एवं पर्यावरणीय चुनौतियों के वर्तमान दौर में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जिले में वर्षाकाल के दौरान व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान संचालित किया जाएगा, जिसमें सभी विभागों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष नईगढ़ी नागिता गुप्ता, जनपद अध्यक्ष नईगढ़ी ममता कुंज बिहारी तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष मऊगंज नीलम इन्द्रपाल सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जन अभियान परिषद से संबद्ध स्वैच्छिक संगठन, समाजसेवी, व्यापारी वर्ग एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


