मध्य प्रदेशरीवाशिक्षा

कलेक्टर ने नीट परीक्षार्थी आकांक्षा चतुर्वेदी के परिजनों से की मुलाकात, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

कलेक्टर ने नीट परीक्षार्थी आकांक्षा चतुर्वेदी के परिजनों से की मुलाकात, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश 

मऊगंज . जिले के मंगनिया ग्राम निवासी एवं नागपुर में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा आकांक्षा चतुर्वेदी की दुखद मृत्यु की सूचना प्राप्त होने पर कलेक्टर संजय कुमार जैन ने गहरा शोक व्यक्त किया। कलेक्टर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर चर्चा कर उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया तथा जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन प्रदान किया।

कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। किसी भी परिवार के लिए अपनी संतान को खोना अपूरणीय क्षति है। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि परिवार की परिस्थितियों पर संवेदनशीलता के साथ नजर रखी जाए तथा शासन स्तर पर उपलब्ध सहायता और राहत संबंधी प्रावधानों की जानकारी परिजनों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में प्रशासन का दायित्व केवल औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवार को मानसिक और सामाजिक संबल प्रदान करना भी है।

श्री जैन ने युवाओं एवं विद्यार्थियों से भी अपील की कि किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव, परीक्षा संबंधी दबाव अथवा व्यक्तिगत कठिनाइयों की स्थिति में अपने परिवार, शिक्षकों एवं विशेषज्ञों से संवाद बनाए रखें। जीवन अमूल्य है और हर समस्या का समाधान संवाद एवं सहयोग के माध्यम से संभव है।

जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने भी आकांक्षा चतुर्वेदी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। जिला प्रशासन ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button