
जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने केंद्रीय कारागार इटावा का किया निरीक्षण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । केंद्रीय कारागार इटावा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सोमवार को जनपद न्यायाधीश रजत सिंह जैन, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार परिसर में सुरक्षा, साफ-सफाई एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कैदियों की बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का भी परीक्षण किया और सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर जेल प्रशासन से जानकारी ली। साथ ही जेल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा बंदियों को निर्धारित सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कारागार में सुरक्षा और अनुशासन के साथ-साथ बंदियों के स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
इस अवसर पर जेल प्रशासन के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारीगण तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


