उत्तर प्रदेशइटावास्वास्थ्य

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा, । जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में डिजिटल लाइब्रेरी, स्वच्छ भारत मिशन, जीरो पॉवर्टी अभियान, स्कूल चलो अभियान, आयुष्मान कार्ड, गौशाला एवं प्राकृतिक खेती सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

डिजिटल लाइब्रेरी की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद की 117 लाइब्रेरियों का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सभी पुस्तकों का पंजीकरण एवं स्कैनिंग कराने तथा कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

 

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में सिरसा नदी पर 16 में से 14 फिल्टर चैंबर पूर्ण होने की जानकारी दी गई। डीएम ने वर्षा ऋतु से पहले नदी की सफाई, व्यापक पौधरोपण तथा “मेरा तालाब, मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत तालाबों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था मजबूत करने और जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

 

जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा में लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा चिन्हित 534 युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए गए।

 

स्कूल चलो अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 16,787 बच्चों का नामांकन कराया जा चुका है। जिलाधिकारी ने नामांकन में तेजी लाने, विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, नियमित अभिभावक-शिक्षक बैठकें आयोजित करने तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

 

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा में कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनवाने तथा गांवों में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

 

गौशालाओं की समीक्षा में छाया, पानी, स्वच्छता एवं हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नेपियर घास का उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं प्राकृतिक खेती की समीक्षा में गौशालाओं में जीवामृत एवं घनजीवामृत उत्पादन को बढ़ावा देने, किसानों को प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन देने तथा प्रभावी अनुश्रवण पर बल दिया गया।

 

बैठक में उप निदेशक कृषि सतीश कुमार पांडेय, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button