पूणेमनोरंजनमहाराष्ट्र

बेबी डू डाय डू’ में पहली बार दिखेगी ‘एंग्री यंग वुमन’ : हुमा कुरैशी

बेबी डू डाय डू’ में पहली बार दिखेगी ‘एंग्री यंग वुमन’ : हुमा कुरैशी

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: पुणे महाराष्ट्र 

पुणे। अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने कहा कि हिंदी सिनेमा में लंबे समय तक महिलाओं को कमजोर किरदार के रूप में दिखाया गया है, जहां अंत में कोई पुरुष आकर उन्हें बचाता है। वह हमेशा से ऐसी पारंपरिक भूमिकाओं से अलग और सशक्त महिला किरदार निभाना चाहती थीं। आगामी फिल्म ‘बेबी डू डाय डू’ के जरिए उन्हें यह अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि दर्शकों ने वर्षों तक ‘एंग्री यंग मैन’ देखा है, लेकिन इस फिल्म में पहली बार ‘एंग्री यंग वुमन’ का किरदार देखने को मिलेगा।

 

3 जुलाई को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘बेबी डू डाय डू’ के प्रचार के सिलसिले में पुणे के औंध स्थित वेस्टएंड मॉल में आयोजित कार्यक्रम में हुमा कुरैशी, फिल्म के निर्देशक नचिकेत सामंत, अभिनेता रचित सिंह और मरुधर शेखावत ने दर्शकों से बातचीत की।

 

हुमा कुरैशी ने बताया कि इस फिल्म में उन्होंने पहली बार एक मूक-बधिर युवती की भूमिका निभाई है। बिना संवाद बोले केवल भाव-भंगिमाओं के माध्यम से अभिनय करना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने किरदार के साथ पूरी ईमानदारी से न्याय करने का प्रयास किया है और उन्हें विश्वास है कि दर्शक इस भूमिका को पसंद करेंगे।

 

उन्होंने यह भी कहा कि ‘बेबी डू डाय डू’ उनके लिए एक चुनौतीपूर्ण फिल्म है, क्योंकि इसे किसी बड़े स्टूडियो या बड़े निर्माता का सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम ने दर्शकों के प्यार और समर्थन के भरोसे इस फिल्म का निर्माण किया है और उन्हें उम्मीद है कि फिल्म को अच्छा प्रतिसाद मिलेगा।

 

फिल्म के निर्देशक नचिकेत सामंत ने कहा कि उनकी निर्माण संस्था पुणे 04 पिक्चर्स एलएलपी का उद्देश्य अलग विषयों और नई सोच वाली फिल्मों का निर्माण करना है। मराठी के साथ-साथ हिंदी सिनेमा में भी वे अलग पहचान बनाने का प्रयास कर रहे हैं और ‘बेबी डू डाय डू’ उसी दिशा में एक कदम है।

 

फिल्म में हुमा कुरैशी के अलावा चंकी पांडे, सिकंदर खेर और सीमा पाहवा भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण अभिनेता साकिब सलीम ने किया है।

 

मराठी फिल्मों में काम करने की इच्छा जताई

 

हुमा कुरैशी ने कहा कि वह पहले मराठी फिल्म ‘हाइवे’ में एक छोटी भूमिका निभा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में वह मराठी फिल्मों में प्रमुख भूमिका निभाने और धाराप्रवाह मराठी संवाद बोलने की इच्छा रखती हैं। उनके अनुसार यह उनके लिए एक नया चुनौतीपूर्ण अनुभव होगा और उम्मीद है कि जल्द ही दर्शक उन्हें मराठी फिल्मों में भी देखेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button