
पत्रकारों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाना होगा आसान, जल्द शुरू होगा नया ऑनलाइन पोर्टल
रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता
स्थान:इटावा,लखनऊ उत्तर प्रदेश
लखनऊ, । उत्तर प्रदेश के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पत्रकारों के हित में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कहा है कि अब पत्रकार बंधुओं के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को और सरल बनाया जा रहा है। इसके लिए विभाग शीघ्र ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू करेगा।
उन्होंने बताया कि जिन पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया है, लेकिन विभिन्न कारणों से उनका कार्ड अभी तक नहीं बन पाया है, वे संबंधित आयुष्मान पोर्टल पर अपने आवेदन की स्थिति की जांच कर सकते हैं। यदि पोर्टल पर उनका नाम प्रदर्शित होता है और किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो वे अपने जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक संशोधन करा सकते हैं।
सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकारों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है अथवा आवेदन करने के बावजूद उनका कार्ड जारी नहीं हो सका है, उनके लिए समस्या के समाधान हेतु शीघ्र ही नया ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ किया जाएगा। पोर्टल शुरू होने के बाद पत्रकार अपने जनपद के जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पोर्टल प्रारंभ होने की सूचना विभाग द्वारा तत्काल सभी संबंधित पत्रकारों को उपलब्ध करा दी जाएगी।



