
यूपीटीईटी-2026 के द्वितीय दिवस जिलाधिकारी महोदय ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा -उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के द्वितीय दिवस जनपद में आयोजित परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तिवारी ज्वाला प्रसाद आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), के.के. डिग्री कॉलेज, पंचायती राज महाविद्यालय तथा श्री शीतल प्रसाद शोरावाल बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी महोदय ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा स्ट्रांग रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आयोग द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों का सख्ती पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनपद के समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस बल एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। परीक्षा की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे परीक्षा निर्विघ्न एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।


