उत्तर प्रदेशऔरैयापर्यावरण

12 जुलाई के वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

12 जुलाई के वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:औरैया,उत्तर प्रदेश

औरैया: आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय वृक्षारोपण समिति की बैठक जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित हुई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप संबंधित पौधशालाओं से समय पर पौधों का उठान सुनिश्चित किया जाए तथा वृक्षारोपण के लिए चयनित स्थलों पर समय से पौधे उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने रोपित किए जाने वाले सभी पौधों की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश भी दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण चयनित भूमि की मिट्टी और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप किया जाए। साथ ही पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं तथा उनके नियमित संरक्षण एवं देखभाल की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

उन्होंने प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी सी.पी. सिंह को निर्देश दिए कि विभागीय पौधशालाओं में मांग के अनुरूप पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध रहें तथा विभिन्न विभागों द्वारा चयनित स्थलों के निकट स्थित पौधशालाओं से पौधों का उठान सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही संबंधित विभागों को पूर्व में ही आवश्यक सूचना उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों से कहा कि वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाए तथा आमजन को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं संतुलन को बढ़ावा मिल सके।

 

बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी सी.पी. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button