
समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं जन समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
औरैया, 11 जुलाई। जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शनिवार को थाना अछल्दा में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित हल्का इंचार्ज एवं लेखपाल को स्थलीय जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में निष्पक्षता और पारदर्शिता बरती जाए तथा ऐसा समाधान किया जाए जिससे दोनों पक्ष संतुष्ट हों और विवाद का स्थायी समाधान हो सके।
समाधान दिवस के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद एवं अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित थाना प्रभारी एवं लेखपाल को मौके पर जांच कर प्रभावी कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार बिधूना, संबंधित थानाध्यक्ष, लेखपाल एवं बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।



