
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किए संत तुकाराम महाराज की पादुकाओं के दर्शन, वारकरी और किसानों की खुशहाली की कामना
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आषाढ़ी वारी के अवसर पर जगद्गुरु संत तुकाराम महाराज की पादुकाओं एवं श्री निवडुंगा विठोबा के दर्शन कर महाराष्ट्र की समृद्ध संत परंपरा को ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने विठ्ठल भगवान से प्रार्थना की कि वारी में शामिल सभी वारकरी और प्रदेश के किसान सुखी एवं समृद्ध रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज की पालखी यात्रा में शामिल होना एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने बताया कि पुणे शहर में संत ज्ञानेश्वर महाराज की पालखी के मार्ग पर आने वाली समस्याओं का समाधान किया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया गया है। अगले वर्ष इन सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।
उन्होंने सभी वारकरियों से सुरक्षित और आनंदपूर्वक पंढरपुर पहुंचने की शुभकामनाएं देते हुए वारी के सफल एवं मंगलमय संपन्न होने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ, विधायक हेमंत रासणे, महापौर मंजुषा नागपुरे, विभागीय आयुक्त शीतल तेली-उगले, पुलिस सहआयुक्त संजय दराडे, जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी, संत तुकाराम महाराज संस्थान के पदाधिकारी, श्री निवडुंगा विठोबा देवस्थान संस्थान के प्रतिनिधि तथा अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि आषाढ़ी वारी के चलते पुणे शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर है। ‘ज्ञानबा-तुकाराम’ और ‘माऊली-माऊली’ के जयघोष, टाल-मृदंग की गूंज तथा बड़ी संख्या में पहुंचे वारकरियों की उपस्थिति से पूरा शहर आध्यात्मिक रंग में रंगा हुआ है। पालखी का अगला पड़ाव लोणी काळभोर की ओर निर्धारित है।


