
लंबित प्रकरणों का निराकरण करके दो दिन में 80 वेटेज स्कोर प्राप्त करें – श्री गुर्जर
अधिकारी 15 जुलाई तक विभाग की ए ग्रेडिंग प्राप्त करें – श्री गुर्जर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान; रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। श्री गुर्जर ने कहा कि सभी अधिकारी संतुष्टिपूर्वक सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण कराकर विभाग की रैंकिंग सुधारें। लंबित प्रकरणों का दो दिन में निराकरण कराकर सभी अधिकारी कम से कम 80 वेटेज स्कोर प्राप्त करें। वन विभाग, राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, गृह विभाग तथा नगरीय निकायों में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। इनका विशेष प्रयास करके निराकरण कराएं। सभी एसडीएम विकासखण्ड स्तर पर शिविर लगाकर प्रकरणों का निराकरण कराएं। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, श्रम विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग के आवेदनों का निराकरण कराएं।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी जून माह के आवेदनों तथा 50 दिन से अधिक समय से लंबित आवेदनों का निराकरण कराकर 15 जुलाई तक विभाग को ए ग्रेडिंग तक पहुंचाएं। जनसुनवाई में प्राप्त 5158 आवेदन पत्रों में से अभी केवल 896 आवेदनों का निराकरण किया गया है। शेष आवेदन पत्रों का भी दो दिवस में निराकरण करके पोर्टल पर प्रतिवेदन दर्ज कराएं। समय सीमा का पालन न होने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। सभी अधिकारी ई आफिस के माध्यम से ही फाइलें भेजें और पत्राचार करें। जनसुनवाई के आवेदन भी ई आफिस से ही भेजे जा रहे हैं। समाधान एक दिन तथा टीएल के पत्रों का भी निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में जिला कोषालय अधिकारी पुष्पेन्द्र शुक्ला ने बताया कि जिला कोषालय में 16 और 17 जुलाई को शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में आईएफएमआईएस पोर्टल के संबंध में कठिनाईयों का निराकरण किया जाएगा। सभी आहरण संवितरण अधिकारी और लेखापाल इससे लाभ उठाएं। बैठक में खाद और बीज के वितरण, नरवाई प्रबंधन, वर्षाजनित रोगों से बचाव के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक, डिप्टी कलेक्टर जितेन्द्र तिवारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सीएमओ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


